सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर डीएमयू ट्रेन में लगी आग, इंजन और बोगी जलकर राख
- Post By Admin on Aug 03 2026
सहरसा : बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के समस्तीपुर–सहरसा डीएमयू ट्रेन (63344) के इंजन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पास की एक बोगी भी उसकी चपेट में आ गई। इस घटना से स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर–सहरसा डीएमयू ट्रेन सुबह करीब 3:44 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 पर पहुंची थी। ट्रेन रुकने के कुछ ही देर बाद इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में इसे सामान्य तकनीकी खराबी माना गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में धुआं भीषण आग में बदल गया। आग फैलते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए तुरंत ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर की ओर भागे। इंजन से उठती तेज लपटों और काले धुएं के कारण पूरे स्टेशन पर भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इंजन और एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।रेलवे प्रशासन ने राहत की बात बताते हुए कहा कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और यात्री जमा हो गए। रेलवे प्रशासन ने प्रभावित ट्रेन के संचालन और यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
*सांकेतिक तस्वीर*