बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट जारी, समस्तीपुर के आकाश अमन बने साइंस टॉपर

  • Post By Admin on Mar 23 2026
बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट जारी, समस्तीपुर के आकाश अमन बने साइंस टॉपर

पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया। परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.biharboardonline.com और biharboardonline.bihar.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।

बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर की मौजूदगी में राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने दोपहर 1:30 बजे परिणाम जारी किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर भी उपस्थित रहे। परीक्षाफल interbiharboard.com और bsebexam.com वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है।

इस वर्ष विज्ञान संकाय में समस्तीपुर के छात्र आकाश कुमार अमन ने 581 अंक (96.20 प्रतिशत) प्राप्त कर पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं कला संकाय में गया की छात्रा निशु कुमारी ने 479 अंक (95.8 प्रतिशत) के साथ टॉप किया है। विज्ञान संकाय में दूसरे स्थान पर साक्षी (सीतामढ़ी), सपना (नवादा) और लक्की अंसारी रहे।

बिहार बोर्ड के इस वर्ष के परिणामों में छात्राओं का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा। कुल 26 टॉपर्स में से 19 छात्राएं हैं। आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में छात्राओं ने बाजी मारी, जबकि विज्ञान संकाय में छात्रों ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

बोर्ड ने विशेष परीक्षा और स्क्रूटनी के लिए आवेदन की तिथि भी घोषित कर दी है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 मार्च से 2 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के माध्यम से वे अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच के लिए आवेदन कर सकेंगे।

छात्र अपना रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले interbiharboard.com या bsebexam.com वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद “Examination Results” सेक्शन में जाकर “Senior Secondary Annual Examination 2026” का चयन करें। फिर अपनी स्ट्रीम चुनकर रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करते ही परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा।