भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को याद कर युवाओं ने लिया विचारों को अपनाने का संकल्प

  • Post By Admin on Mar 23 2026
भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को याद कर युवाओं ने लिया विचारों को अपनाने का संकल्प

मुजफ्फरपुर: शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के 95वें शहादत दिवस के अवसर पर मुजफ्फरपुर के मालीघाट क्षेत्र में बिहार राज्य जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा “विकल्प” की मालीघाट इकाई एवं नवोदित इकाई द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुई यह प्रभात फेरी विभिन्न चौक-चौराहों और गलियों से गुजरते हुए मालीघाट चौक पर सभा में तब्दील हो गई।

प्रभात फेरी नवोदित इकाई कार्यालय से निकलकर बीएमपी-6 चौक, चुनाभट्टी रोड होते हुए मालीघाट कार्यालय पहुंची और फिर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर लोगों को शहीदों के विचारों से अवगत कराया। इस दौरान प्रतिभागियों ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की तस्वीरों वाली टोपी पहनकर हाथों में बैनर-पोस्टर लिए “इंकलाब जिंदाबाद” और “साम्राज्यवाद मुर्दाबाद” जैसे गगनभेदी नारे लगाए। सभा को संबोधित करते हुए “विकल्प” के बिहार महासचिव बैजु कुमार ने कहा कि आज के समय में भगत सिंह के विचारों को आत्मसात करना बेहद जरूरी है, ताकि समाज में व्याप्त अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद हो सके। उन्होंने कहा कि शहीदों ने जिस साहस और संकल्प के साथ देश को आजादी दिलाने की लड़ाई लड़ी, उसी भावना को आज भी जीवित रखने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई। सांस्कृतिककर्मी सुनील कुमार ने “गाए चलो जिंदगी के गीत” प्रस्तुत कर लोगों को क्रांतिकारी विचारों के साथ जीवन जीने और शोषणमुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी का संदेश दिया।

शिक्षिका सुनैना कुमारी ने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और इस प्रकार के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहीदों की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल कर बच्चों को प्रेरित करना आवश्यक है। नवोदित इकाई के अध्यक्ष राजू कुमार ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कालाबाजारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते हालात नहीं सुधरे, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने युवाओं से सजग और सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्रांतिकारी जनगीतों की भी प्रस्तुति दी गई। मालीघाट इकाई की सचिव पूजा कुमारी ने प्रभात फेरी का नेतृत्व किया और सभा का संचालन किया। शिक्षक रंधीर कुमार ने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्थानीय समाजसेवी, सांस्कृतिक कार्यकर्ता, छात्र-युवा और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से ललन भगत, सत्यम कुमार, शुभम कुमार, सुमन कुमारी, रिया कुमारी, अंशु कुमारी, बिंदिया कुमारी, पुष्पांजलि कुमारी, निशा कुमारी, आकाश कुमार, राधिका कुमारी, रिशु कुमार, रितु कुमारी, कृति कुमारी, रंजीत कुमार, प्रियांशु कुमारी, रणधीर कुमार, आर्यन कुमार, अर्णव कुमार, साक्षी कुमारी, विद्यासागर कुमार, अमरेश कुमार, राजनंदिनी कुमारी, अनुष्का कुमारी, आशिका कुमारी तथा धीरेंद्र “धीरू” सहित कई लोग उपस्थित रहे।

अंत में गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया, जिसमें “शहीदों तेरे सपनों को न भूले हैं और न भूलेंगे” जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।