जमशेदपुर में नदी किनारे मिला 500 पाउंड का जिंदा अमेरिकी बम, आर्मी के हाथों में कमान

  • Post By Admin on Mar 23 2026
जमशेदपुर में नदी किनारे मिला 500 पाउंड का जिंदा अमेरिकी बम, आर्मी के हाथों में कमान

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे 500 पाउंड का जिंदा बम मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बालू खुदाई के दौरान जमीन के अंदर दबा यह खतरनाक बम मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।

जानकारी के अनुसार, यह बम 21 मार्च को पानीपड़ा नागुड़साई इलाके में उस समय मिला जब ग्रामीण नदी किनारे बालू निकाल रहे थे। अचानक भारी धातु जैसी वस्तु मिलने पर जब जांच की गई तो वह एक जिंदा बम निकला। इसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बरामद बम गैस सिलेंडर के आकार का है और इसका वजन करीब 500 पाउंड यानी लगभग 227 किलोग्राम है। बम पर AN-M64 मॉडल अंकित है तथा ‘Made in America’ लिखा हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह एक अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस है, जो संभवतः द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है और अभी भी सक्रिय स्थिति में है।

ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि बम काफी पुराना जरूर है, लेकिन इसकी स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। स्थानीय बम निरोधक टीम ने भी इसे अत्यधिक संवेदनशील मामला बताते हुए सेना की मदद जरूरी बताई है। रांची से बम निरोधक दस्ता और आर्मी की टीम को मौके पर बुलाया गया है। प्रशासन ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, आज सेना की निगरानी में इस जिंदा अमेरिकी बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और लोग प्रशासन के अगले कदम पर नजर बनाए हुए हैं।