लखीसराय में मद्य निषेध पुलिस का एक्शन, 96 लीटर से अधिक शराब और बोलेरो समेत 6 धराए
- Post By Admin on Nov 03 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। 3 नवंबर 2026 को जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, पुलिस ने विदेशी व चुलाई शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन जब्त करने के साथ कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पहली सफलता लखीसराय थाना क्षेत्र के नया टोला, वार्ड नंबर 10 से मिली, जहां से स्वर्गीय इन्द्रदेव यादव के पुत्र रोहित कुमार तथा वार्ड नंबर 12 निवासी स्वर्गीय रामचंद्र तांती के पुत्र धीरज कुमार को 12.500 लीटर देसी चुलाई शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन मोहानी मोड़ पर की गई, जहां बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर (वार्ड नंबर 06) निवासी सुजीत कुमार, पिता विनोद राय, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 81.000 लीटर विदेशी शराब बरामद की तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया।
इसके अतिरिक्त, कजरा थाना क्षेत्र के रामतलीगंज गांव के बांध पर छापेमारी कर पुलिस ने स्वर्गीय नकट यादव के पुत्र श्वारथ यादव को 3.000 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। शराब बिक्री के अलावा पुलिस ने शराब का सेवन करने वालों पर भी नकेल कसी, जिसके तहत बन्नूबगीचा थाना क्षेत्र के पाली से शेखपुरा जिले के अकबरपुर थाना अंतर्गत कोरमा निवासी चंदन कुमार (पिता महेश महतो) तथा बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इंग्लिसपुर पुरानी छावनी निवासी जितेन्द्र कुमार (पिता कैलाश राम) को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।