लखीसराय में युवक की गला घोंटकर हत्या मामले का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय में युवक की गला घोंटकर हत्या मामले का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

लखीसराय : जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत निस्ता गांव में हुए अंधे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया है।

सूर्यगढ़ा थाना पुलिस को 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे निस्ता गांव स्थित पचगाछी बगीचे में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए शव की पहचान 19 वर्षीय पिंकेश कुमार, पिता - मनोज यादव, निवासी निस्ता के रूप में की। इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा मौका-ए-वारदात का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, लखीसराय में कराया गया। मृतक के परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर सूर्यगढ़ा थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत कांड संख्या 258/26 दर्ज किया गया।

हत्याकांड के शीघ्र उद्भेदन और संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसमें सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार, अन्य पुलिस पदाधिकारी, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल शामिल थे। एसआईटी ने मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को मुख्य आरोपी अमित कुमार को और 5 नवंबर को दूसरे आरोपी सन्नी कुमार को दबोच लिया। दोनों आरोपी निस्ता गांव के ही रहने वाले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पिंकेश कुमार और अमित कुमार कुछ महीने पहले तमिलनाडु में साथ रहते थे, जहां उनके बीच रुपयों का लेनदेन हुआ था। 3 नवंबर को इसी लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई, जिसके बाद अमित कुमार ने अपने साथी सन्नी कुमार के साथ मिलकर पचगाछी बगीचे में गमछे से गला घोंटकर पिंकेश की हत्या कर दी थी। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम कार्रवाई कर रही है।