सूर्यगढ़ा में रंगदारी और धमकी कांड का पर्दाफाश, खुद वादी ही निकला पूरे खेल का मास्टरमाइंड
- Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय : जिला पुलिस ने सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में झूठी शिकायत दर्ज कराने वाले वादी सरकारी शिक्षक समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त सिम सहित कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
नवाबगंज निवासी सरकारी शिक्षक सुधांशु कुमार ने 27 अक्टूबर 2026 को सूर्यगढ़ा थाने में आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी देने, पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और लड़ैयाटांड़ थाने में दर्ज पुराने केस को वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर सूर्यगढ़ा थाना में कांड संख्या 251/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सूर्यगढ़ा थाना, डीआईयू एवं एसटीएफ की संयुक्त विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की गई।
एसआईटी द्वारा किए गए तकनीकी अनुसंधान और विभिन्न स्थानों पर की गई छापेमारी में साजिश की परतें खुल गईं। जांच में स्पष्ट हुआ कि वर्ष 2025 में सुधांशु कुमार की पत्नी ने लड़ैयाटांड़ थाना (मुंगेर) में उसके अपहरण से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके आरोपी वर्तमान में जेल में बंद हैं। जेल में बंद आरोपियों को जमानत न मिल सके, उन्हें कड़ी सजा दिलाई जा सके और सुधांशु कुमार का तबादला किसी अन्य विद्यालय में हो जाए, इसी उद्देश्य से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर झूठे साक्ष्य गढ़ते हुए यह आपराधिक षड्यंत्र रचा था।
षड्यंत्र का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने वादी सुधांशु कुमार के अलावा फटूश राम (रामसीर, किऊल), जयंत कुमार व लव कुमार (संतर मोहल्ला, लखीसराय) तथा संजीत कुमार संदीप व मंजय शर्मा उर्फ लड्डू शर्मा (हुसैनपुर खुविवन, लड़ैयाटांड़, मुंगेर) को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी 6 आरोपियों के विरुद्ध सूर्यगढ़ा थाना में बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कांड संख्या 269/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।