किऊल स्टेशन पर यात्री से मोबाइल छिनतई, आरपीएफ-जीआरपी की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on Nov 04 2026
लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल फोन झपटकर भागने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से यात्री का छीना गया पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है।
रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 3:40 बजे गाड़ी संख्या 15734 अप किऊल स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन के खुलने के बाद एक युवक ने एक यात्री का मोबाइल फोन झपट लिया और भागने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद राजकीय रेल पुलिस किऊल और रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार ने अन्य जवानों के साथ त्वरित कार्रवाई की और भाग रहे युवक को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान विक्रम कुमार (29), पिता बबलू शाह, निवासी फुलौत चौसा, वार्ड संख्या-8, थाना फुलौत, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से यात्री का छीना गया पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने सुबह करीब 3:45 बजे गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताया। इस मामले में मोबाइल धारक को भी सूचना दे दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर राजकीय रेल पुलिस किऊल में कांड संख्या 174/26 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(5) के तहत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।