शराब तस्करी में महिलाएं अव्वल, विदेशी शराब के साथ 3 गिरफ्तार

  • Post By Admin on Feb 03 2026
शराब तस्करी में महिलाएं अव्वल, विदेशी शराब के साथ 3 गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में अवैध शराब कारोबार पर रोक के तमाम प्रयासों के बावजूद तस्करी का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि अब विदेशी शराब की तस्करी में महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभाने लगी हैं और कई मामलों में पुरुषों से आगे नजर आ रही हैं। छापेमारी के दौरान जहां अक्सर पुरुष तस्कर मौके से फरार हो जाते हैं, वहीं महिलाएं पुलिस की सक्रियता के कारण रंगेहाथ पकड़ी जा रही हैं।

मंगलवार को उत्पाद विभाग की टीम ने मनकट्ठा स्टेशन के समीप मेदनीचौकी (महारा) थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं और एक पुरुष को विदेशी शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं में बेगूसराय जिले के चकिया, सिमरिया घाट बिंद टोली, वार्ड 14 निवासी सुलेना देवी, पति शालदेव महतो को 3 लीटर विदेशी शराब, वहीं इसी गांव की उर्मिला देवी, पति उमेश महतो को 4.5 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा बछवाड़ा, बेगूसराय के रजौली चमथा, वार्ड 13 निवासी उरहुला देवी, पति केशवर महतो को 3 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके साथ शालदेव महतो के पुत्र बीजों निषाद को भी 3.750 लीटर शराब के साथ पकड़ा गया।

इधर, वृंदावन किऊल थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर स्वर्गीय चंदन चौधरी की विधवा लक्ष्मी देवी को 2.900 लीटर देशी महुआ चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। तस्करों के साथ-साथ शराब पीने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। मौके से दो लोग नशे की हालत में पकड़े गए, जिनमें मुंगेर जिले के कृष्णापुरी, वार्ड 22 निवासी शंभू मांझी और हरिजन टोला वृंदावन, किऊल निवासी अजीत कुमार पासवान शामिल हैं।

इसके अलावा किऊल थाना क्षेत्र के बिछवे गुमटी के पास से तीन अन्य पियक्कड़ों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान अजय कुमार (बिछवे मुसहरी), रंजन मांझी और विपिन साव (खगड़िया) के रूप में हुई है। वहीं, बड़हिया थाना क्षेत्र के खुट्ठा डीह निवासी मंटू कुमार उर्फ मंटुन रजक तथा बीरुपुर थाना क्षेत्र के नाथनपुर निवासी श्री महतो को भी नशे की हालत में पकड़ा गया।

उत्पाद विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में शराब तस्करी और सेवन दोनों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में और सख्त अभियान चलाया जाएगा।