सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित, बाल विवाह रोकथाम व महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम
- Post By Admin on Feb 03 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत रामगढ़ चौक प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोनगढ़ में “सखी वार्ता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्राओं एवं ग्रामीण समुदाय की महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत मुखिया श्रीमती जुली देवी, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती पूनम कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता गौरम्मा सिन्हा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री हरेंद्र कुमार एवं लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत लड़कियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे पहले विवाह करना कानूनन अपराध है, जिसके तहत एक लाख रुपए तक जुर्माना और दो वर्ष तक कारावास का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से बालिकाओं का स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए समाज को इसके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।
सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती पूनम कुमारी ने बताया कि जिले में संचालित सखी केंद्र के माध्यम से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने 181 हेल्पलाइन सहित अन्य टोल-फ्री सेवाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा की स्थिति में मदद लेने का आह्वान किया।
मुखिया श्रीमती जुली देवी ने कहा कि बाल विवाह न तो व्यक्ति के लिए और न ही समाज के लिए हितकारी है। इससे बेटियां मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर हो जाती हैं तथा अपने भविष्य के निर्णय लेने में सक्षम नहीं रह पातीं। उन्होंने सभी से बाल विवाह का बहिष्कार करने और ऐसी किसी भी सूचना को प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा और जागरूकता का संदेश देते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या हिंसा की शिकायत करने को कहा।
कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गौरम्मा सिन्हा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक हरेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समापन सत्र में पंचायत मुखिया द्वारा सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा छात्राओं के बीच स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण किया गया।