लखीसराय में आभूषण चोरी का त्वरित पर्दाफाश: 2 किशोरों ने घर में लगाई थी सेंध, खरीदने वाले 3 सुनार गिरफ्तार
- Post By Admin on Sep 20 2026
लखीसराय : सूर्यगढ़ा थाना पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को हुई आभूषण चोरी की एक बड़ी घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आभूषण दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो विधि-विरुद्ध बालकों (किशोरों) को निरुद्ध किया गया है। वादी राम कुमार द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके घर के ट्रंक से आभूषण और नकद रुपये चोरी कर लिए गए हैं।
इस घटना को लेकर सूर्यगढ़ा थाने में 19 सितंबर 2026 को कांड संख्या 215/26 दर्ज किया गया। लखीसराय की पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सूर्यगढ़ा थाना द्वारा आभूषणों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय सूचनाओं के आधार पर रामपुर गांव के ही दो किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि उन्होंने चोरी किए गए आभूषण लखीसराय के आभूषण दुकानदारों को बेचे हैं।
किशोरों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने लखीसराय स्थित दो आभूषण दुकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक दुकान से सोने जैसी धातु की एक जोड़ी बाली और दूसरी दुकान से सोने जैसी धातु के 05 बजरंगबली तथा एक जोड़ी झुमके/टॉप्स बरामद किए गए। चोरी के सामान की बरामदगी के बाद आभूषण दुकानों के संचालकों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में नया टोला वार्ड-10, पुरानी बाजार निवासी 51 वर्षीय धर्मवीर अशोक वर्मा उर्फ अशोक ठठेरा, वार्ड-14 पुरानी बाजार निवासी 28 वर्षीय विकास कुमार और नया टोला वार्ड-10 पुरानी बाजार निवासी 25 वर्षीय आकाश कुमार शामिल हैं। छापेमारी दल में सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, पु.अ.नि. अमित कुमार राजा, पु.अ.नि. नित्यानंद राय, पी.टी.सी. रंजन दास, गृहरक्षक राहुल राज और आशीष कुमार शामिल रहे।