लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, शराब बेचने और पीने के आरोप में 10 गिरफ्तार

  • Post By Admin on Sep 20 2026
लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, शराब बेचने और पीने के आरोप में 10 गिरफ्तार

लखीसराय : मद्यनिषेध थाना लखीसराय की पुलिस टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 19 सितंबर 2026 को विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब बेचने और पीने के आरोप में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध देशी एवं चुलाई शराब भी बरामद की गई।

छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, पहली कार्रवाई लखीसराय थाना क्षेत्र के इंगलिश मोहल्ला (वार्ड संख्या 03) में की गई, जहां से सुनील मिश्रा (पिता स्व. दिनेश मिश्रा) को 02.200 लीटर अवैध देशी शराब बेचते हुए पकड़ा गया। इसके बाद कजरा थाना क्षेत्र के सहमालपुर (वार्ड संख्या 06) में दबिश देकर तीन शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मनोज चौधरी (पिता मंगल चौधरी) के पास से 18.000 लीटर, सरस्वती देवी (पति स्व. भुनेश्वर चौधरी) के पास से 04.000 लीटर और रेखा देवी (पति स्व. सुन्दर चौधरी) के पास से 01.000 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई।

वहीं दूसरी ओर, शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी मद्यनिषेध विभाग ने कड़ा रुख अपनाया। लखीसराय थाना क्षेत्र के संतर मोहल्ला (वार्ड संख्या 13) से रामेश्वरी मांझी (पिता स्व. बालेश्वर मांझी) को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। बड़हिया में उत्पाद थाना के समीप की गई जांच में चार पियक्कड़ों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें बड़हिया वार्ड संख्या 16 निवासी अरविंद राम और विवेक राम (दोनों के पिता झापो राम), वार्ड संख्या 03 निवासी मान रावत (पिता राम रावत) तथा पुरानी छावनी निवासी रंजीत मांझी (पिता भुनेश्वर मांझी) शामिल हैं। इसके अलावा हलसी थाना क्षेत्र के मानपुर से विपिन चौधरी (पिता स्व. सुखो चौधरी) को शराब पीने के जुर्म में हिरासत में लिया गया। मद्यनिषेध विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।