गैस सिलेंडर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, पांच सिलेंडर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 31 2026
गैस सिलेंडर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, पांच सिलेंडर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : जिले के कबैया थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी के पांच गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को अमर्य सेन ने कबैया थाना में सूचना दी कि 22 जुलाई को अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर भरा हुआ गैस सिलेंडर चोरी कर लिया था। इसके बाद 30 जुलाई को गुंजा कुमारी ने भी इसी प्रकार की घटना की सूचना दी और बताया कि गैस सिलेंडर चोरी करते हुए एक व्यक्ति को पकड़कर रखा गया है। सूचना मिलते ही कबैया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया तथा उसके पास से गैस सिलेंडर जब्त किया। दोनों घटनाओं के संबंध में कबैया थाना में कांड संख्या 290/26 और 291/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ बैला, निवासी किचल बस्ती, वार्ड संख्या 22, थाना कबैया, जिला लखीसराय के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में उसने गैस सिलेंडर चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और अपने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी। राकेश कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बड़ी कबैया निवासी सिपु कुमार तथा बीछपुर निवासी सुन्दरम कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल पांच गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। छापेमारी दल में पु.अ.नि. भावना रेवराज, पु.अ.नि. संतोष कुमार राय, पीटीसी सुधाकर कुमार तथा कबैया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। लखीसराय पुलिस ने बताया कि चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।