बिहार स्टार्टअप नीति को मिला बल, लखीसराय में छात्रों को दिया गया उद्यमिता का प्रशिक्षण

  • Post By Admin on Jul 27 2026
बिहार स्टार्टअप नीति को मिला बल, लखीसराय में छात्रों को दिया गया उद्यमिता का प्रशिक्षण

लखीसराय : बिहार में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार सरकार की बिहार स्टार्टअप नीति के तहत गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, लखीसराय में "स्टार्टअप पिच डेक (Pitch Deck) निर्माण" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को अपने अभिनव विचारों को सफल स्टार्टअप में विकसित करने तथा निवेशकों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तकनीक से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजू एम. तुगनायत ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के साथ नवाचार और उद्यमिता का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने और अपने नवाचारों के माध्यम से समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। जिला उद्योग केन्द्र, लखीसराय के महाप्रबंधक श्री रूपेश कुमार झा ने बिहार स्टार्टअप नीति के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय सहायता, इन्क्यूबेशन, मेंटरशिप तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए छात्रों को अपने स्टार्टअप विचारों को व्यवहारिक रूप देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं स्किल दर्पण के संस्थापक श्री दयानंद कुमार मेहता ने प्रभावी पिच डेक तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने समस्या की पहचान, समाधान, बिजनेस मॉडल, लक्ष्य बाजार, प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त, वित्तीय योजना और निवेशकों के समक्ष प्रभावशाली प्रस्तुति के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। स्टार्टअप कोऑर्डिनेटर श्री चंदन कुमार ने बिहार स्टार्टअप कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों, आवेदन प्रक्रिया एवं स्टार्टअप सहायता तंत्र की जानकारी साझा की। वहीं उद्योग विस्तार पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने उद्योग विभाग की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने स्टार्टअप आइडिया तथा पिच डेक निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रश्न विशेषज्ञों से पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों से नवाचार आधारित उद्यम स्थापित कर बिहार के स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के शिक्षकगण, जिला उद्योग केन्द्र के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।