किऊल नदी से अवैध बालू उत्खनन जारी, छापेमारी में ट्रैक्टर जब्त
- Post By Admin on Mar 11 2026
लखीसराय : सरकारी सख्ती के बावजूद जिले में अवैध बालू खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रखंड क्षेत्र में किऊल नदी के विभिन्न घाटों से लगातार अवैध रूप से बालू निकाले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस बीच बुधवार की तड़के सुबह चानन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार किऊल नदी के भलुई घाट पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां अवैध बालू लदे दो महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रेलर बरामद किए गए। हालांकि पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों के चालक ट्रैक्टर चालू अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर घाट, भलुई घाट, रामपुर घाट, नगरदार घाट, मालिया घाट, धर्मपुर घाट और मोहनकुंडी घाट समेत कई स्थानों पर चोरी-छिपे अवैध बालू उत्खनन किए जाने की शिकायतें मिलती रहती हैं। पुलिस समय-समय पर छापेमारी भी करती है, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है।
पुलिस ने जब्त दोनों ट्रैक्टर-ट्रेलर को थाने लाकर चानन थाना में कांड संख्या 40/26 के तहत खनिज अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।