एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर जिला प्रशासन सख्त, जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्यवाही

  • Post By Admin on Mar 11 2026
एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर जिला प्रशासन सख्त, जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्यवाही

लखीसराय : जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, बुकिंग और डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी ग्रामीण गैस वितरकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों से वर्तमान स्थिति में एलपीजी गैस की बुकिंग, डिलीवरी और आपूर्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि पहले एलपीजी गैस की बुकिंग का चक्र लगभग 15 दिनों का था, जिसे संबंधित कंपनियों द्वारा बढ़ाकर करीब 25 दिन कर दिया गया है। इसके कारण गैस की आपूर्ति में तीन से चार दिनों का अंतराल उत्पन्न हो रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा हो रही है।

जिला पदाधिकारी ने सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी एजेंसी या व्यक्ति की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और समय-समय पर छापेमारी कर स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया गया। अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा विभिन्न कंपनियों के ग्रामीण गैस एजेंसी संचालक और वितरक मौजूद रहे।