व्यवहार न्यायालय नियुक्ति परीक्षा की तैयारी तेज, कदाचारमुक्त आयोजन के निर्देश
- Post By Admin on Mar 11 2026
लखीसराय : बिहार राज्य के व्यवहार न्यायालयों में परिचारी, चपरासी और आदेशपाल पदों पर नियुक्ति के लिए 15 मार्च को आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अजय कुमार शर्मा ने की।
बैठक में परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने बताया कि लखीसराय जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों और पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार अग्निहोत्री ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। परीक्षा के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को समयबद्ध और चरणबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक कारण से परीक्षा में बाधा न आए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारी, शिक्षक और कर्मी अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करेंगे। साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन, जैमर संचालन और अन्य तकनीकी कार्यों में लगे कर्मियों के लिए भी आई कार्ड पहनना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि के बाहर ही परीक्षार्थियों के परिजनों को रहने की अनुमति होगी तथा पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
बैठक में राजन कुमार, रंजीत कुमार सोनू, सुमित कुमार, प्रभाकर कुमार, शिवम कुमार, मुकुल पंकज मणि, यदुवंश राम तथा आशुतोष कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।