एलएस कॉलेज में डिफेंस करियर पर विशेष कार्यशाला, सेना के अधिकारियों ने बताए चयन के सूत्र

  • Post By Admin on Jul 20 2026
एलएस कॉलेज में डिफेंस करियर पर विशेष कार्यशाला, सेना के अधिकारियों ने बताए चयन के सूत्र

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के आचार्य कृपलानी सभागार में सोमवार को एनसीसी कैडेटों के लिए विशेष कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कैडेटों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) एवं कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक रणनीतियों और तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एनसीसी मुजफ्फरपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने की प्रक्रिया, परीक्षा की तैयारी और चयन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां साझा कीं।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि लंगट सिंह कॉलेज का इतिहास राष्ट्रभक्त और अनुशासित नागरिक तैयार करने का रहा है, जिसमें कॉलेज की एनसीसी इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव के इस दौर में भी युवाओं में भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति समर्पण और देश सेवा का जज्बा प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यशाला से मिले मार्गदर्शन का लाभ उठाकर इस ऐतिहासिक संस्थान से भविष्य में कई योग्य सैन्य अधिकारी देश सेवा के लिए तैयार होंगे।

मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि भारतीय सेना केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि गौरवपूर्ण जीवन जीने का अवसर है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों में अनुशासन, समयबद्धता और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण पहले से मौजूद होते हैं। आवश्यकता केवल इन क्षमताओं को सही दिशा देने और लिखित परीक्षा की रणनीतिक तैयारी करने की है। कार्यशाला के दौरान सैन्य अधिकारियों ने कैडेटों के साथ विशेष प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया। इसमें फिजिकल फिटनेस टेस्ट, मेडिकल मानकों और सामान्य ज्ञान की तैयारी से जुड़े विभिन्न प्रश्नों का व्यावहारिक समाधान दिया गया।

इस अवसर पर कर्नल कमल किशोर मिश्र, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजीव कुमार, सूबेदार मेजर रणजीत सिंह, सूबेदार अजय कुमार, सूबेदार भक्त बहादुर कारकी, नायब सूबेदार जितेंद्र सिंह तथा हवलदार सूर्या बहादुर के.सी. सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीनियर अंडर ऑफिसर आशुतोष कुमार, अंडर ऑफिसर नमृता सुधीर और अंडर ऑफिसर सृष्टि कुमारी ने कैडेटों का नेतृत्व किया।