लखीसराय : जिले के कजरा थाना की पुलिस ने नक्सल कांड में शामिल रही एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बुधवार को उसें कजरा थाना क्षेत्र के राजघाट कोल से पकड़ा गया है।

गिरफ्तार की गई महिला पर तीन मामले चानन थाना कांड संख्या 75/18, कजरा थाना कांड संख्या 59/17 तथा कजरा थाना कांड संख्या 61/18 दर्ज है। इसके साथ ही दो मामले में यूएपी एक्ट भी लगा हुआ है। महिला की पहचान बन्नू बगीचा थाना क्षेत्र के काशी टोला निवासी बुद्धू कोड़ा की पुत्री रिंकी कोड़ा के रूप में हुई है। उसकी भूमिका नक्सली अर्जुन कोड़ा एवं वालेश्वर कोड़ा की सहयोगी के रूप में थी। जो कि नक्सल में लाॅजिस्टक सपोर्ट के साथ ही खाने-पीने के सामग्रियों को जुटाने एवं उसे उन तक पहुंचाने का काम करती रही है। वर्तमान में भी वह नक्सल संगठन को मजबूत करने में जुटी प्रतीत होती है।

गिरफ्तारी टीम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक कर रहे थे जबकि टीम में एएसबी कजरा बटालियन के सहायक कमांडेंट सहित कजरा थानाध्यक्ष दल-बल के साथ शामिल रहे।