लखीसराय में विवादित होर्डिंग कांड: प्रशासन की छवि धूमिल करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
- Post By Admin on Mar 12 2026
लखीसराय : जिला में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखे जाने वाले एक विवादित होर्डिंग लगाने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्रशासनिक जांच में यह मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को सूचना मिली कि लखीसराय–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर कवैया थाना एवं बाजार समिति के बीच एक विवादित होर्डिंग लगाया गया है। इस होर्डिंग में माननीय भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री, अपर समाहर्ता लखीसराय तथा अंचलाधिकारी लखीसराय के विरुद्ध आपत्तिजनक एवं अमर्यादित बातें लिखी गई थीं।
जांच के दौरान होर्डिंग पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। संपर्क करने पर पता चला कि यह होर्डिंग सरोज कुमार, पिता श्री रामोतार साह, निवासी नया बाजार, कवैया रोड, वार्ड संख्या–25, लखीसराय द्वारा लगाया गया है। पूछताछ में सरोज कुमार ने स्वयं स्वीकार किया कि सुबह उन्होंने ही उक्त होर्डिंग लगवाया था।
कारण पूछे जाने पर सरोज कुमार ने बताया कि अंचल कार्यालय लखीसराय तथा अपर समाहर्ता न्यायालय में कुछ मामले दर्ज हैं, हालांकि उनमें उनकी कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका नहीं है। पूछताछ के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वह जमीन के कारोबारी हैं और बिहारशरीफ, देवघर सहित अन्य स्थानों पर जमीन का कारोबार करते हैं।
मोबाइल कॉल विवरण की जांच में यह भी सामने आया कि यह कृत्य राजनीतिक दुर्भावना से प्रभावित होकर किया गया। प्रशासन का आरोप है कि सरोज कुमार ने जानबूझकर माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा लखीसराय प्रशासन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। साथ ही अपर समाहर्ता न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में दबाव बनाने के उद्देश्य से विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर यह कदम उठाया गया।
उक्त तथ्यों के आधार पर सरोज कुमार, संबंधित प्रिंटिंग प्रेस तथा फ्लेक्स/टेंट के मालिक सहित अन्य के विरुद्ध कबैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सरोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।