समृद्धि यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा
- Post By Admin on Mar 12 2026
लखीसराय : माननीय मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय लखीसराय के मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान प्रदर्शित की जाने वाली विकास योजनाओं की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति अद्यतन रखी जाए और लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी योजनाओं की प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।
समीक्षा बैठक में विशेष रूप से सात निश्चय–2 के अंतर्गत सशक्त महिला सक्षम महिला, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, सात निश्चय योजना के तहत हर खेत तक सिंचाई का पानी, नलकूप योजना, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, सुलभ संपर्कता योजना तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर-स्टेप डिलीवरी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त स्वच्छ गांव समृद्ध गांव अभियान तथा हर घर नल का जल योजना के अनुरक्षण से जुड़े कार्यों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा राज्य सरकार की विकासात्मक पहलों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय पर पूरा करें।
बैठक में सात निश्चय–3 से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, स्थापना उप समाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री नीरज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री मृणाल रंजन, नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।