राजस्व मामलों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, पारदर्शिता और समयबद्ध सेवा पर जोर
- Post By Admin on Mar 12 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में गुरुवार को राजस्व से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव तथा संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य राजस्व कार्यों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाते हुए आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान दाखिल-खारिज, दखल कब्जा, म्यूटेशन, चौहद्दी, डीड नंबर, शांतिपूर्ण दखलकर्ता का कब्जा, भूमि अभिलेखों में सुधार, खाता, खेसरा, रकबा, जमाबंदी संख्या तथा म्यूटेशन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का सीधा संबंध आम जनता से होता है, इसलिए इन कार्यों का निष्पादन पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन से जुड़े मामलों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा भूमि अभिलेखों के संधारण में किसी प्रकार की त्रुटि न रहने दी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवादों के समाधान में प्रशासन की अहम भूमिका होती है, इसलिए सभी अधिकारी नियमों और प्रावधानों की पूरी जानकारी रखें तथा प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करें, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशिक्षण के दौरान राजस्व विभाग के विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी तथा कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही प्रतिभागियों को भूमि अभिलेखों के डिजिटल संधारण, रिकॉर्ड अद्यतन और राजस्व कार्यों की ऑनलाइन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।