अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही, जिले में कई स्थानों पर छापेमारी
- Post By Admin on Mar 12 2026
लखीसराय : मद्यनिषेध थाना लखीसराय की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबार और सेवन के मामलों में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई तथा कई आरोपितों को पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौना मुसहरी क्षेत्र में छापेमारी के दौरान कारू मांझी को लगभग 10 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने शराब को जब्त कर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं किऊल थाना क्षेत्र के नया बाजार इलाके में छापेमारी कर अमित कुमार को 6.750 लीटर विदेशी शराब और 4.000 लीटर बियर के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपित के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा चानन, बड़हिया, रामगढ़ चौक सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में शराब पीने के आरोप में कई लोगों को पकड़ा गया। इनमें निशांत कुमार, राजेश कुमार, विनोद कुमार, जयजय राम कुमार, नायक कुमार, मनोज मांझी और राकेश राम शामिल हैं।
मद्यनिषेध थाना पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध शराब के कारोबार और सेवन के खिलाफ जिले में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।