लखीसराय में पैक्स अध्यक्षों व प्रबंधकों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

  • Post By Admin on Mar 12 2026
लखीसराय में पैक्स अध्यक्षों व प्रबंधकों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

लखीसराय : जिला प्रशासन के निर्देशन में गुरुवार को लखीसराय संग्रहालय सभागार में पैक्स अध्यक्षों, पैक्स प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता से जुड़ी योजनाओं, प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन तथा किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुमन कुमारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान सहकारिता विभाग के अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने पैक्स के व्यवसायिक विकास, प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों, व्यवसायिक विविधीकरण तथा उद्यमशीलता को बढ़ावा देने से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही पैक्सों में लेखा संधारण और अंकेक्षण की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि संस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

कार्यशाला में पैक्स कंप्यूटरीकरण से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसके माध्यम से पैक्स की कार्यप्रणाली को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने तथा उसे आधुनिक बनाने की जानकारी दी गई। साथ ही पैक्सों को डिपॉजिट मोबिलाइजेशन एजेंट के रूप में कार्य करने के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को और मजबूत किया जा सके।

इस दौरान अंकेक्षण, सहकारिता से जुड़े नियमों, गोदाम निर्माण, फसल सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें अपने-अपने पैक्सों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।