लखीसराय में स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा, ऋण स्वीकृति व वितरण शिविर आयोजित
- Post By Admin on Mar 12 2026
लखीसराय : उद्योग विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण के उद्देश्य से गुरुवार को संग्रहालय परिसर, लखीसराय में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला उद्योग केंद्र, लखीसराय द्वारा किया गया।
शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथलेश मिश्र ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना तथा अन्य स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभुकों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा कई लाभुकों के बीच ऋण राशि का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री मिथलेश मिश्र ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन करना है। उन्होंने लाभुकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने उद्यम को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र लखीसराय श्री रुपेश कुमार झा, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजीत कुमार, उद्योग विभाग पटना के श्री आशीष कुमार सहित विभिन्न बैंकों के समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लाभुक, बैंक प्रतिनिधि तथा विभागीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।