पंचाम मंदिर परिसर में योग शिविर का समापन, नियमित कक्षाओं के संचालन की घोषणा

  • Post By Admin on Mar 02 2026
पंचाम मंदिर परिसर में योग शिविर का समापन, नियमित कक्षाओं के संचालन की घोषणा

लखीसराय : जिले के चानन थाना क्षेत्र स्थित पंचाम मंदिर परिसर में आयोजित योग शिविर का सोमवार को विधिवत समापन किया गया। शिविर का संचालन किसान सेवा समिति लखीसराय के जिला प्रभारी आनंदी प्रसाद मंडल, राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार भारती तथा जिला संगठन मंत्री प्रोफेसर मनोरंजन कुमार की देखरेख में किया गया।

समापन अवसर पर सहयोग शिक्षक विनोद कुमार द्वारा अरविंद कुमार भारती एवं प्रोफेसर मनोरंजन कुमार को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में अरविंद कुमार भारती ने कहा कि योग जीवन का आधार है, जो स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक साधन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बीमारी होने से पहले और बाद दोनों ही स्थितियों में योग आवश्यक है। योग अभ्यास से पूर्व भोजन व्यवस्था को संतुलित करना जरूरी है तथा भोजन में आयुर्वेदिक तत्वों का समुचित उपयोग करना चाहिए, जो हमारे रसोई घर और पूजा स्थल में सहज उपलब्ध हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि संतुलित आहार से अनेक बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। यदि औषधि की आवश्यकता हो तो आयुर्वेदिक औषधियों का सेवन करना चाहिए, जिनका दुष्प्रभाव अपेक्षाकृत कम होता है।

घोषणा की गई कि अब पंचाम मंदिर परिसर में प्रतिदिन योग की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। स्थानीय ग्रामीण महिला एवं पुरुषों को विभिन्न बीमारियों की जानकारी देकर योग के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रोफेसर मनोरंजन कुमार ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि योग को घर-घर तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने स्वामी जी एवं आचार्य जी के संदेश “करें योग, रहें निरोग” को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आनंदी प्रसाद मंडल ने रक्तचाप, हृदयाघात, वसा युक्त यकृत, यकृत संबंधी विकार, मधुमेह, गैस सहित कई बीमारियों के लिए उपयोगी आसन और प्राणायाम की जानकारी दी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रशिक्षणार्थी एवं सेना के जवान विनोद कुमार द्वारा किया गया।