नुक्कड़ नाटक से गूंजा संदेश, कलाकारों ने किया प्रदूषण रहित होली का आह्वान
- Post By Admin on Mar 02 2026
मुजफ्फरपुर: होली पर्व से पूर्व शहर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, पटना के सौजन्य से मालीघाट, भोला चौक, पानी टंकी (जिला स्कूल), बहलखाना रोड और अखाड़ाघाट पुल के समीप विभिन्न चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को प्रदूषण रहित और पारंपरिक होली मनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के तहत बिहार कला पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ रंगकर्मी नवाब आलम द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाटक “प्रदूषण रहित होली” का मंचन किया गया। सूत्रधार, खगौल (पटना) के कलाकारों ने संजय यादव के नेतृत्व में प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कलाकारों ने संवाद और अभिनय के जरिए वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों को रेखांकित किया और स्वच्छ वातावरण के महत्व को समझाया। नाटक के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि होलिका दहन में प्लास्टिक, मोबिल, किरोसीन, रबर, टायर और थर्मोकोल जैसे प्रदूषणकारी पदार्थों का उपयोग न करें। पारंपरिक और प्राकृतिक तरीकों से होली मनाने का संदेश प्रमुखता से दिया गया। इस अवसर पर पूर्व नगर विधायक विजेंद्र चौधरी ने मुजफ्फरपुरवासियों से प्रदूषण रहित होली मनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब वे पर्यावरण और समाज के लिए सुरक्षित हों। वहीं लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण के संयोजक एवं पर्यावरणविद सुरेश कुमार गुप्ता ने भी पारंपरिक तौर-तरीकों से होली मनाने की अपील की।
नुक्कड़ नाटक में संजय कुमार यादव, कुमकुम भारती, महावीर साह, सुनील कुमार, महेश्वर पासवान और प्रमिला देवी ने अपने अभिनय से लोगों को जागरूक किया। सुनील कुमार ने “ये जिंदगी की बात है, प्रदूषण भगाओ… प्रदूषण के सब कोई भगाव हो भईया” गीत प्रस्तुत कर स्वच्छ और सुंदर मुजफ्फरपुर के निर्माण का संदेश दिया।
जागरूकता अभियान के दौरान स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखी गई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि त्योहारों के दौरान पर्यावरण संरक्षण की भावना मजबूत हो सके।