महिला आयोग की सदस्य ने सखी सेंटर का लिया जायजा, जागरूकता अभियान बढ़ाने की सलाह
- Post By Admin on Apr 10 2026
लखीसराय : बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पिंकी कुशवाहा ने शुक्रवार को सखी वन स्टॉप सेंटर, लखीसराय का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में दर्ज मामलों की स्थिति तथा महिलाओं को दी जा रही सहायता सेवाओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति वंदना पाण्डेय ने अंगवस्त्र एवं नवपौध भेंट कर उनका स्वागत किया। वहीं महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने भी नवपौध देकर उनका अभिनंदन किया।
निरीक्षण के क्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर में दर्ज तथा निष्पादित मामलों की जानकारी ली गई। दर्ज मामलों में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, द्वितीय विवाह, यौन उत्पीड़न, मानव व्यापार सहित अन्य प्रकरणों की स्थिति का अवलोकन किया गया।
महिला आयोग की सदस्य ने केंद्र में कार्यों के सुचारू संचालन पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही हब कार्यालय, जिसे महिला सशक्तिकरण केंद्र के नाम से भी जाना जाता है, का निरीक्षण कर वहां आगंतुकों की व्यवस्था, सखी वार्ता तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की और उनकी सराहना की।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की और सभी कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही सखी वार्ता कार्यक्रम तथा बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की सलाह दी।
मौके पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, हब कार्यालय के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, केस वर्कर निभा एवं सरिता, परामर्शी नूतन कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।