पटना : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव करते हुए दो वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का स्थानांतरण व पदस्थापन किया है। इस संबंध में विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, 2010 बैच के आईएएस अधिकारी श्री कँवल तनुज, जो वर्तमान में योजना एवं विकास विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे, उन्हें स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक वित्त विभाग, पटना के सचिव (व्यय) के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके साथ ही वे अगले आदेश तक अपने वर्तमान विभाग, योजना एवं विकास विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।

वहीं, वित्त विभाग में सचिव (व्यय) की जिम्मेदारी संभाल रहीं 2010 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती रचना पाटिल का भी तबादला कर दिया गया है। नए आदेश के तहत श्रीमती पाटिल को राज्यपाल सचिवालय, बिहार, पटना में राज्यपाल के सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग तथा महालेखाकार कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी है।