जनगणना की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, 13 से 22 अप्रैल तक होगा प्रशिक्षण
- Post By Admin on Apr 10 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जनगणना कार्य से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तैयारी, संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्यों के सुचारु संचालन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 13 अप्रैल 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए आवासन, बिजली, स्क्रीन, प्रोजेक्टर, माइक्रोफोन, बोर्ड, मार्कर, बैनर सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों के लिए पेयजल, चाय-नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण की सूचना समय से उपलब्ध कराएं और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके अलावा एचएलबी से संबंधित कार्यों के लिए भौतिक सत्यापन के आधार पर आवश्यक संख्या में प्रगणकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। बैचवार प्रशिक्षण के अनुसार फील्ड ट्रेनरों को सूचित करने तथा सभी संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि एसआरएस क्षेत्रों बड़हिया, लखीसराय और पिपरिया में किसी भी प्रकार का प्रगणक परिवर्तन नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही चार्ज पदाधिकारियों को प्रशिक्षण स्थलों की अद्यतन स्थिति का फोटो सहित प्रतिवेदन 24 घंटे के भीतर संबंधित समूह में साझा करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण स्थलों पर स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के लिए साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी चार्ज पदाधिकारियों को अपने-अपने स्तर से प्रशिक्षण स्थल एवं प्रशिक्षकों का विवरण बैचवार जनगणना समूह में साझा करने के लिए कहा गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जनगणना से संबंधित सभी सूचनाओं का समय पर संकलन कर उन्हें डिजिटल माध्यम पर अपलोड किया जाए, ताकि कार्यों की निगरानी और मूल्यांकन में सुविधा हो सके।
इस अवसर पर वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित जनगणना कोषांग से जुड़े जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, पर्यवेक्षक और चार्ज पदाधिकारी उपस्थित रहे।