लंबित सुलहनीय मामलों के निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले हुई समीक्षा बैठक
- Post By Admin on Apr 10 2026
लखीसराय :आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर कोर्ट कर्मियों, बैंक कर्मियों तथा पीएलवी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखीसराय के सचिव विद्यानंद सागर के प्रकोष्ठ में हुई, जिसमें लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि न्यायालयों में लंबित सुलहनीय वादों को अधिक से अधिक चिन्हित किया जाए तथा संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस निर्गत करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी बताया गया कि नोटिस जारी करने के लिए पीएलवी की नियुक्ति की गई है।
बैंक कर्मियों के साथ भी अलग से बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। सचिव ने पीएलवी को निर्देशित किया कि वे अधिक संख्या में नोटिस जारी करें और इसकी प्रतिदिन रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
बैठक में सभी संबंधित कर्मियों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।