लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, पटरियों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना तथा संभावित रेल हादसों को रोकना था। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि अर्घ्य के प्रमुख दिनों, यानी 15 नवंबर की शाम और 16 नवंबर की सुबह, चिन्हित संवेदनशील इलाकों से गुजरने वाली सभी ट्रेनें लगातार लंबी सीटी (लॉन्ग व्हिसल) बजाते हुए चलेंगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन सुनियोजित तरीके से किया जाएगा ताकि पटरियों के आसपास मौजूद लोग समय रहते सतर्क हो सकें। विशेष रूप से बड़हिया में तीन ऐसे क्रॉसिंग प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां से छठ घाट जाने के लिए लोग रेलवे ट्रैक पार करते हैं। इसके अलावा डुमरी, गंगासराय, मनकट्ठा, उरेन, मसूदन, अभयपुर, बड़ी पोखर मार्ग, गोपालपुर, बसुआचक, मननपुर और कुंदर जैसे स्टेशनों व संवेदनशील स्थलों पर आरपीएफ और ट्रैकमैन की विशेष तैनाती की जाएगी।
किऊल रेल पुलिस उपाधीक्षक एजाज मनी अहमद ने किऊल ओवरब्रिज और रेल पटरियों से होने वाले जोखिम भरे आवागमन की स्थिति रखी, जिस पर डीएम ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए 13 नवंबर से ही लखीसराय और किऊल रेलवे स्टेशनों पर एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। यात्रियों की सहायता के लिए दोनों स्टेशनों पर 'मे आई हेल्प यू' बूथ बनाए जाएंगे। साथ ही नगर परिषद को स्टेशन परिसर में तोरण द्वार लगाने और भक्तिमय माहौल के लिए पारंपरिक छठ गीतों के प्रसारण का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्टेशनों पर डॉग स्क्वॉड से सघन जांच, रेल फाटकों की निगरानी, लखीसराय स्टेशन के समीप हाइट गेज लगाने तथा पहुंच पथों की मरम्मत जैसे बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, किऊल रेल डीएसपी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार और सहायक अभियंता राजेश कुमार सहित कई वरीय प्रशासनिक एवं रेल अधिकारी मौजूद रहे।
















