हनुमान जयंती को लेकर विहिप और बजरंग दल की बैठक, शोभा यात्रा की बनी रूपरेखा

  • Post By Admin on Mar 30 2026
हनुमान जयंती को लेकर विहिप और बजरंग दल की बैठक, शोभा यात्रा की बनी रूपरेखा

लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल लखीसराय की ओर से आयोजित एक बैठक में आगामी हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि 2 अप्रैल, बृहस्पतिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में तय किया गया कि शोभा यात्रा बाजार समिति मैदान, लखीसराय से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरेगी। यह यात्रा पुरानी बाजार, चित्तरंजन रोड और थाना चौक होते हुए मुख्य मार्ग से शहीद द्वार और लखीसराय रेलवे स्टेशन तक जाएगी, जहां इसका समापन किया जाएगा।

बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई और कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव हिंदू समाज के लिए आस्था और उत्साह का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान हनुमान के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे और धार्मिक वातावरण का संदेश समाज में प्रसारित होगा।