मैट्रिक परीक्षा में निरंजन कुमार ने लहराया परचम, राज्य में सातवां और जिले में पहला स्थान

  • Post By Admin on Mar 30 2026
मैट्रिक परीक्षा में निरंजन कुमार ने लहराया परचम, राज्य में सातवां और जिले में पहला स्थान

लखीसराय : बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में लखीसराय के छात्र निरंजन कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त किया है। साथ ही उन्होंने जिले में प्रथम स्थान हासिल कर लखीसराय का नाम रोशन किया है। निरंजन कुमार के आर के उच्च विद्यालय, लखीसराय के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

निरंजन कुमार के पिता श्री बिरजू साव पेशे से राजमिस्त्री हैं। उन्होंने अपने पुत्र की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उसके कठिन परिश्रम, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि निरंजन शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहा है और लगातार अपने लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत करता रहा।

निरंजन की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने के आर के मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निरंजन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

विद्यालय के शिक्षकों ने भी निरंजन की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण ही उसकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रही है। जिले के लोगों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए निरंजन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।