सरला श्रीवास की पुण्यतिथि पखवाड़ा पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित

  • Post By Admin on Mar 30 2026
सरला श्रीवास की पुण्यतिथि पखवाड़ा पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित

मुजफ्फरपुर : शांति दूत और प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सरला श्रीवास की पुण्यतिथि पखवाड़ा के अवसर पर रविवार को शांति सेना मुजफ्फरपुर द्वारा गांधी पार्क, सिकंदरपुर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और कलाकारों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर शांति सेना के जिला अध्यक्ष सोनू सरकार ने कहा कि सरला श्रीवास ने कठपुतली कला के माध्यम से देश में शांति, खुशहाली और बेहतर समाज के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सामाजिक समस्याओं के समाधान और जनजागरूकता के लिए लोगों को प्रेरित किया तथा सूचना क्रांति का संदेश समाज तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में वक्ता शम्भू मोहन प्रसाद ने बताया कि सरला श्रीवास ने मोबाइल मीडिया के माध्यम से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को उजागर किया तथा संबंधित अधिकारियों से संवाद कर सैकड़ों समस्याओं का समाधान गांधीवादी तरीके से कराने का प्रयास किया।

अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि सरला श्रीवास ने कठिन परिश्रम को अपना आदर्श मानते हुए देश के दूरदराज ग्रामीण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों को नए मीडिया का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कठपुतली कला, अभिनय, संगीत और भाषण के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने का काम किया। साथ ही देहाती बुल्टू रेडियो की स्थापना कर मजदूर-किसानों के अधिकार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, मतदाता जागरूकता, महिला शिक्षा और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक किया।

सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने इस अवसर पर विश्व शांति गीत प्रस्तुत करते हुए “विश्व शांति लिए जिएंगे हम, विश्व शांति के लिए मरेंगे हम” गीत से माहौल को भावुक बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान युवा समाजसेवी माधुरी कुमारी को सरला श्रीवास युवा रत्न सम्मान तथा शिक्षक कुमार को समाजसेवक कृष्णनंदन ठाकुर स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर शम्भू मोहन प्रसाद, माधुरी कुमारी, अर्जुन गुप्ता, भोलू सागर, कृष्ण कुमार, मोहम्मद अरशक, शिवम कुमार, उत्सव कुमार, अनिल कुमार ठाकुर, कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, मनोज कुमार, आयुषी, अदिति राज, रचना, रुक्मिणी, द्रुपति, साक्षी, रेखा, रीतिका, लक्ष्मी, सौरव कुमार, अरुण, लक्की, हर्ष राज, आर्यन, अमन, सत्यम और शिवम सहित कई लोग मौजूद रहे।

सर्वधर्म प्रार्थना सभा का संचालन शम्भू मोहन प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संजय रजक ने किया।