कॉमरेड शिवदास घोष को श्रद्धांजलि, मुजफ्फरपुर में समाजवादी परिवर्तन के लिए संघर्ष का आह्वान
- Post By Admin on Aug 05 2026
मुजफ्फरपुर : महान मार्क्सवादी दार्शनिक, क्रांतिकारी चिंतक और एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के वैचारिक मार्गदर्शक कॉमरेड शिवदास घोष के स्मृति दिवस पर बुधवार को मुजफ्फरपुर के मोतीझील स्थित पार्टी जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण और कॉमरेड शिवदास घोष के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के राज्य कमिटी सदस्य अर्जुन कुमार ने कहा कि कॉमरेड शिवदास घोष ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से शोषण, अन्याय और पूंजीवादी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष का वैज्ञानिक एवं क्रांतिकारी मार्ग प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आम जनता की वास्तविक मुक्ति केवल समाजवादी क्रांति के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि जब तक पूंजीवादी व्यवस्था कायम रहेगी, तब तक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध, सांप्रदायिकता, महिलाओं पर हिंसा, अश्लीलता और सामाजिक असमानता जैसी समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। अर्जुन कुमार ने यह भी कहा कि संसदीय राजनीति इन जटिल समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं कर सकती। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से व्यक्तिवाद और स्वार्थ से ऊपर उठकर जनहित में संगठित, अनुशासित और निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
सभा में वक्ताओं ने कॉमरेड शिवदास घोष के विचारों को वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों में प्रासंगिक बताते हुए पूंजीवाद-विरोधी समाजवादी परिवर्तन के लिए व्यापक जनसंघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के बाद पटना में आयोजित राज्यस्तरीय स्मृति सभा में भाग लेने के लिए मुजफ्फरपुर जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता रवाना हुए।
श्रद्धांजलि सभा में मुजफ्फरपुर जिला कमिटी (नगर) के सचिव अमन कुमार झा, लोकल कमिटी नगर के सचिव अरविंद कुमार, काशीनाथ साहनी, प्रेम कुमार ठाकुर, शिव बालक कुमार, विजय कुमार, शिव कुमार, गौरव कुमार, प्रिंस कुमार, प्रियांशु कुमार, कंचन कुमारी, रूपा कुमारी, आशुतोष कुमार और शाहिद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी संवाद प्रेषक अरविंद कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।