समाजसेवी संस्था की पहल, वृद्ध आश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण कर बांटी गईं मुफ्त दवाईयां
- Post By Admin on Aug 05 2026
मुजफ्फरपुर: समाजसेवी संस्था "महिला सशक्तिकरण के लिए समाजसेवी संगठन, मुजफ्फरपुर" के तत्वावधान में बुधवार को सतनामी वृद्ध आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धीरज ने सभी बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के दौरान गैस, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों एवं शरीर के दर्द, त्वचा संबंधी समस्याओं के साथ-साथ कैल्शियम और विटामिन की कमी जैसी परेशानियां सामने आईं। इसके बाद जरूरत के अनुसार सभी को दवाइयां, मलहम, कैल्शियम, विटामिन तथा अन्य आवश्यक औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं।संस्था की संयोजक बबली कुमारी ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करना हम सभी का सामाजिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी जरूरतमंद, असहाय और वंचित लोगों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्य लगातार करती रहेगी।
इस अवसर पर संस्था ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धीरज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निस्वार्थ सेवा भाव से आश्रम के सभी बुजुर्गों को समय पर स्वास्थ्य जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हो सकीं। इससे सभी वृद्धजनों के चेहरे पर संतोष और मुस्कान देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में संस्था ने समाज के लोगों से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए संदेश दिया कि "नर सेवा ही नारायण सेवा है।"