स्व. बालकृष्ण त्रिपाठी के पुण्यस्मृति में वृक्षारोपण
- Post By Admin on Aug 22 2024

लखीसराय (वीरेंद्र विजय सिंह) : जिले में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्व. बालकृष्ण त्रिपाठी की पुण्यस्मृति के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संतुलन और संरक्षण के महत्व पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्य और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शालिनी सिंह ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अपने घरों के आसपास और छतों पर पौधारोपण अभियान चलाना आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पेड़-पौधों की सुरक्षा से ही प्राकृतिक ऑक्सीजन मिल सकती है, जो मानव जीवन के लिए अनिवार्य है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वीणा सिंह ने कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में वृक्षों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और मानव जीवन की रक्षा करें।
इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने स्व. बालकृष्ण त्रिपाठी जी की स्मृति में पौधारोपण अभियान को एक महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि भारत महापुरुषों का देश है, और उनके पुण्यस्मरण में पौधारोपण एक पुनीत कार्य है।
स्व. बालकृष्ण त्रिपाठी जी का जन्म 5 मार्च 1937 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के शिवराजपुर ब्लॉक के कंठीपुर गांव में हुआ था। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, पूर्व अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख और अवध के पूर्व प्रांत प्रचारक थे। उनका देहावसान 20 अगस्त 2024 को 87 वर्ष की आयु में लखनऊ में निमोनिया के कारण हुआ।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में डॉक्टर शालिनी सिंह, श्वेता कुमारी, राजेश कुमार, राकेश कुमार समेत कई लोग उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।