समाजवादी नेता कारू सिंह का निधन, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में रही महत्वपूर्ण भूमिका
- Post By Admin on Aug 22 2024
 (1).jpg)
लखीसराय (वीरेंद्र विजय सिंह) : जिले के हिरदनबिगहा, प्रखंड बड़हिया निवासी और समाजवादी नेता कारू सिंह का गुरुवार को असामयिक निधन हो गया। वे बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ लखीसराय के सचिव संजीव कुमार सिंह के पिता थे। कारू सिंह 1974 के आंदोलन के दौरान समाजवादी नेता कपिलदेव बाबू के साथ सक्रिय राजनीति में शामिल हुए थे और अपने समय के एक कर्मठ एवं ईमानदार नेता के रूप में जाने जाते थे।
कारू सिंह न केवल राजनीतिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक जीवन में भी सक्रिय थे। वे अपने पंचायत और आसपास के गांवों के झगड़ों का समाधान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। वे एक पहलवान भी थे और अपनी सादगी और ईमानदारी के कारण समाज में उनकी गहरी प्रतिष्ठा थी।
उनके निधन से पूरा परिवार शोकाकुल है। उन्होंने अपने पीछे बेटों, पोते-पोतियों और नातियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ लखीसराय की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और भगवान से उनकी आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
कारू सिंह का ब्रेन हेमरेज 14 अगस्त को हुआ था, जिसके बाद उन्हें पटना के एक प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन के यहां भर्ती कराया गया था। आईसीयू में रखने के बाद, वे पिछले दो दिनों से वेंटिलेटर पर थे, जहां उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।
उनके पार्थिव शरीर का दाह संस्कार आज सुबह गंगा घाट पर किया जाएगा। इस दुखद घटना से पूरा परिवार और शिक्षक संघ परिवार गहरे शोक में है।