डीएम के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान, समाहरणालय परिसर सहित शहर में लगाए गए पौधे

  • Post By Admin on Feb 19 2026
डीएम के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान, समाहरणालय परिसर सहित शहर में लगाए गए पौधे

लखीसराय: जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के नेतृत्व में बुधवार को समाहरणालय परिसर के समीप एवं शहर के विभिन्न चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा पौधा लगाकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का आधार बनता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालय परिसरों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।

वृक्षारोपण के दौरान छायादार, फलदार एवं औषधीय गुणों से युक्त पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारियों और कर्मियों ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं देखरेख का संकल्प लिया। साथ ही आमजन से भी अपील की गई कि वे “एक व्यक्ति–एक पौधा” अभियान से जुड़कर हरित एवं स्वच्छ लखीसराय के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। जिला प्रशासन ने संकेत दिया कि वृक्षारोपण अभियान को आगे भी व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।

इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।