शिक्षिका किरण बाला को श्रद्धांजलि, मालीघाट में संवाद कार्यक्रम में याद किया गया योगदान

  • Post By Admin on Feb 19 2026
शिक्षिका किरण बाला को श्रद्धांजलि, मालीघाट में संवाद कार्यक्रम में याद किया गया योगदान

मुजफ्फरपुर: मालीघाट स्थित अमन चिल्ड्रेन स्कूल में गुरुवार को सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के तत्वावधान में शिक्षिका सह समाजसेवी स्वर्गीय किरण बाला की पांचवीं पुण्यतिथि पर “पुरखा पुरनिया संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृतिकर्मी बैजू कुमार ने की।

बैजू कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “पुरखा पुरनिया संवाद” का उद्देश्य पूर्वजों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मान देना है। संस्थान के मुख्य संरक्षक, सामाजिक चिंतक अविनाश कुमार ने स्वर्गीय किरण बाला के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर शिक्षा को प्राथमिकता दी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षित बनाने में निरंतर सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने गीत के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय किरण बाला के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा “पुरखा पुरनिया संवाद सह सम्मान कार्यक्रम” का नियमित आयोजन किया जाता है, जिसके माध्यम से समाज के प्रेरक नायक-नायिकाओं को याद कर उनके योगदान पर चर्चा की जाती है।