जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण जारी, अधिकारियों को दी गई तकनीकी जानकारी

  • Post By Admin on Mar 10 2026
जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण जारी, अधिकारियों को दी गई तकनीकी जानकारी

लखीसराय : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला प्रशासन लखीसराय के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य शासकीय सेवक भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक तकनीकी और व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना है। दूसरे दिन प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, मकान सूचीकरण, भवनों की गणना तथा इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने HLB Creator के माध्यम से हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तैयार करने, लेआउट मैप बनाने तथा जनगणना से जुड़े डिजिटल मॉड्यूल के उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके अलावा CMMS (Census Management and Monitoring System) के माध्यम से प्रशिक्षण प्रबंधन, नियुक्ति पत्र निर्माण, पहचान पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया, लॉजिस्टिक्स प्रबंधन और डेटा एंट्री मॉड्यूल की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ग्राम, नगर एवं चार्ज रजिस्टर तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया। साथ ही डैशबोर्ड के माध्यम से कार्य की निगरानी और प्रगति की समीक्षा करने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण में स्वयं गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन), सूचना दाताओं की भूमिका तथा गणनाकारों और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि जनगणना कार्य के दौरान कर्मियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण में मिली जानकारी को गंभीरता से समझें और आगामी जनगणना कार्य में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं।

जिला प्रशासन ने बताया कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, आवास तथा सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं और नीतियों का निर्माण किया जाता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, प्रशिक्षक राधेश्याम सर सहित जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारी तथा अन्य शासकीय सेवक उपस्थित रहे।