मद्य निषेध विभाग की छापेमारी में अवैध शराब बरामद, 13 लोगों पर कार्यवाई

  • Post By Admin on Mar 10 2026
मद्य निषेध विभाग की छापेमारी में अवैध शराब बरामद, 13 लोगों पर कार्यवाई

लखीसराय : जिले में मद्य निषेध विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान विदेशी शराब, बीयर और चुलाई शराब बरामद की गई, वहीं शराब बेचने और पीने के आरोप में कुल 13 लोगों पर कार्रवाई की गई।

मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने किउल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी कर पटना जिले के सकरवाद टोला, वार्ड संख्या-15, थाना मोकामा निवासी रिंकू सिंह को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से 07.500 लीटर बीयर और 03.000 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

वहीं लखीसराय थाना क्षेत्र के संतर मोहल्ला में की गई छापेमारी में स्व. आशिष पासवान के पुत्र विरेंद्र पासवान को 01.500 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। कजरा थाना क्षेत्र के बड़ी कवैया में छापेमारी कर श्रवण चौधरी को 02.400 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

पीरीबाजार थाना क्षेत्र के घोसैठ पोखर में कार्रवाई करते हुए रेखा देवी के पास से 02.000 लीटर तथा कुसुम देवी के पास से 03.000 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई।

इसके अलावा शराब पीने के आरोप में भी कई लोगों को पकड़ा गया। इनमें संतर मोहल्ला के विजय चौधरी उर्फ कारू चौधरी और जीतो कुमार को दूसरी बार शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं पीरीबाजार क्षेत्र के उदय कुमार और कारो कुमार को भी शराब पीते हुए पकड़ा गया।

इसी प्रकार बड़हिया थाना क्षेत्र से बबलू सोरेन, जबकि अन्य कार्रवाई में मुकुल कुमार, लालू कुमार और ताला डुडू को भी शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

मद्य निषेध विभाग के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।