जाम से निजात के लिए प्रशासन का पैदल मार्च अभियान, लोगों को किया जागरूक

  • Post By Admin on Feb 27 2026
जाम से निजात के लिए प्रशासन का पैदल मार्च अभियान, लोगों को किया जागरूक

लखीसराय : जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शहर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस क्रम में डीटीओ लखीसराय, ईओ लखीसराय, एमवीआई लखीसराय एवं पुलिस बल के साथ विद्यापीठ से लेकर बड़ी दुर्गा स्थान तक पैदल मार्च किया गया।

पैदल मार्च के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़ी वाहनों को हटाया गया तथा फल एवं सब्जी विक्रेताओं को सड़क छोड़कर निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क अतिक्रमण और अवैध पार्किंग जाम का मुख्य कारण है, जिसे हर हाल में नियंत्रित किया जाएगा।

इसी दौरान विद्यापीठ के पास परिवहन टीम द्वारा चलाए गए जांच अभियान में एक नाबालिग को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 25,000 रुपए का चालान काटा गया। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार का अनुरोध किया है, ताकि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और शहर को जाम से मुक्ति दिलाई जा सके।