ड्रोन की मदद से छापेमारी, 4000 किलो जवा महुआ नष्ट

  • Post By Admin on Feb 27 2026
ड्रोन की मदद से छापेमारी, 4000 किलो जवा महुआ नष्ट

लखीसराय : अवैध शराब निर्माण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को मेदनी चौकी थाना की टीम ने विशेष अभियान चलाते हुए ड्रोन की सहायता से दियारा क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने खावा दियारा, हुसैना दियारा तथा देवघरा दियारा इलाके में ड्रोन से निगरानी करते हुए संदिग्ध स्थानों की पहचान की और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए लगभग 4000 किलोग्राम जवा महुआ को बरामद कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दियारा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह की तकनीकी सहायता से अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।