डीएम की तत्परता से बची घायल युवक की जान, अस्पताल भेजकर कराया इलाज

  • Post By Admin on Mar 24 2026
डीएम की तत्परता से बची घायल युवक की जान, अस्पताल भेजकर कराया इलाज

लखीसराय : जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मदद की। मंगलवार को उन्होंने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े युवक को अपने सरकारी वाहन से अस्पताल भेजकर उसके इलाज की व्यवस्था कराई और देखभाल के लिए एक सुरक्षाकर्मी को भी साथ छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार डीएम मिथिलेश मिश्र मंगलवार को सूर्यगढ़ा के रास्ते मुंगेर में आयोजित कमिश्नर की बैठक में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पहलवान चौक के पास करीब 30–35 वर्षीय एक युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। बाद में उसकी पहचान पुरानी बाजार निवासी प्रकाश तांती के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई। युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और खून बह रहा था।

घायल युवक को देखते ही डीएम ने अपने वाहन को रुकवाया और सुरक्षा कर्मियों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए सूर्यगढ़ा सीएचसी भेजा। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि वहां बेहतर इलाज संभव नहीं हो तो उसे शहर के विद्यापीठ चौक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाए और जरूरत पड़ने पर इलाज का खर्च भी वहन किया जाएगा।

हालांकि स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज और सिटी स्कैन जांच के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।

डीएम ने अपने साथ जा रहे एक सुरक्षाकर्मी को घायल युवक की देखभाल के लिए अस्पताल में ही छोड़ दिया और दूसरे सुरक्षाकर्मियों के साथ मुंगेर बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

डीएम की इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। उल्लेखनीय है कि करीब 20 दिन पहले भी उन्होंने मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवती को अपने वाहन से सदर अस्पताल भिजवाकर उसके इलाज की व्यवस्था कराई थी।