सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हुए छात्र, संग्रहालय में इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Mar 24 2026
सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हुए छात्र, संग्रहालय में इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय : स्थानीय लखीसराय संग्रहालय में 14 दिवसीय पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम इम्पैक्टस्पार्क फाउंडेशन और के.एस.एस. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग (सेमेस्टर-V) के छात्रों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

इस शैक्षणिक शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ पुरातात्विक अवशेषों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे इतिहास और विरासत संरक्षण की बारीकियों को नजदीक से समझ सकें।

इंटर्नशिप के दौरान संग्रहालय के तकनीकी सहायक राजेश कुमार ने छात्रों को विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं का भंडार नहीं, बल्कि एक “टाइम मशीन” की तरह है, जो हमें सैकड़ों-हजारों वर्ष पुराने इतिहास से जोड़ती है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को संग्रहालय में संरक्षित विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ कलाकृतियों, विशेष रूप से पालकालीन मूर्तिकला की विशेषताओं से अवगत कराया गया। साथ ही खंडित और पूर्ण मूर्तियों के शास्त्रीय लक्षण, उनके निर्माण में प्रयुक्त पत्थरों की प्रकृति और ऐतिहासिक महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को कलाकृतियों के प्रलेखन, दीर्घा प्रबंधन तथा सांस्कृतिक विरासत संरक्षण की आधुनिक विधियों के बारे में भी जानकारी दी गई। 14 दिनों के इस प्रशिक्षण में छात्र प्रतिदिन कई घंटे संग्रहालय परिसर में बिताकर मूर्तियों की पहचान, उनके अभिलेखों का अध्ययन और संग्रहालय विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों को समझेंगे।

इस अवसर पर इम्पैक्टस्पार्क फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी छात्रों के शैक्षणिक विकास के लिए लखीसराय संग्रहालय के समृद्ध संग्रह की सराहना की। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अपने करियर के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में शिक्षक हरि कुमार गुप्ता के अलावा लखीसराय संग्रहालय के कर्मी अंकित कुमार, ऋषभ कुमार और जय प्रकाश भी उपस्थित रहे।