जनगणना 2027 : डिजिटल डेटा संकलन व फील्ड कार्य को लेकर अधिकारियों को किया गया प्रशिक्षित
- Post By Admin on Mar 24 2026
लखीसराय : भारत की आगामी भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन मंगलवार को लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, परगणक और पर्यवेक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों द्वारा डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया का चरणबद्ध अभ्यास कराया गया, ताकि परगणक और पर्यवेक्षक कार्य के दौरान तकनीकी त्रुटियों से बच सकें। साथ ही मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग, डेटा एंट्री की शुद्धता और समयबद्ध अपलोडिंग की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया।
सत्र के दौरान मकान सूचीकरण के समय उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों, जैसे एक ही परिवार के एक से अधिक आवास, किरायेदार और मकान मालिक की अलग-अलग गणना तथा अस्थायी और स्थायी निवास के निर्धारण के संबंध में विशेष मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी परिवार की गणना उसी स्थान पर की जाए, जहां वे वर्ष के अधिकांश समय निवास करते हैं, ताकि आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त पर्यवेक्षकों को फील्ड में निगरानी की भूमिका, कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा परगणकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने के संबंध में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विधिक प्रावधानों, कर्तव्यों और अधिकारों की समीक्षा कराते हुए सभी कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार और विशिष्ट शिक्षक कुमार गौरव ने प्रशिक्षण दिया, जबकि राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी राधेश्याम कुमार की भी उपस्थिति रही।