गैस की जमाखोरी पर प्रशासन का प्रहार, कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी दल सक्रिय

  • Post By Admin on Apr 07 2026
गैस की जमाखोरी पर प्रशासन का प्रहार, कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी दल सक्रिय

लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है।

प्रशासन ने बताया कि एलपीजी गैस एजेंसियों और विक्रेताओं पर संभावित भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष के नेतृत्व में त्रिस्तरीय छापेमारी दल का गठन किया गया है। यह दल लगातार भ्रमणशील रहकर गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर नजर रखेगा। मंगलवार को भी कई स्थानों पर निरीक्षण किया गया।

सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए छापेमारी करें और उसकी रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को दें। यदि किसी भी व्यक्ति या एजेंसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने सभी एलपीजी वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी कीमत पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं की जाए। ऐसा करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला स्तर पर आम जनता की शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने के लिए समाहरणालय लखीसराय में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। इसके लिए दूरभाष संख्या 06346-232952 जारी की गई है, जिस पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में लखीसराय जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और 4397 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा बड़हिया नगर परिषद और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से पाइप प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जा रही है। जिन परिवारों ने अब तक पाइप प्राकृतिक गैस का कनेक्शन नहीं लिया है, वे इसके लिए नोडल पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8565835550 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यकतानुसार ही गैस की खरीद करें और एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

साथ ही यह भी बताया गया है कि उपभोक्ताओं की सुविधा और गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए केंद्र सरकार के निर्देशानुसार एक व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग करने की अनुमति होगी। बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।