विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिलेभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य जांच शिविर

  • Post By Admin on Apr 07 2026
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिलेभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य जांच शिविर

लखीसराय : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और एएनएम के द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में रक्तचाप जांच, मधुमेह जांच, वजन मापन, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा सामान्य रोगों की जांच और उपचार की व्यवस्था की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने शिविर में आए लोगों को आवश्यक परामर्श भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता, पोषण, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के उपायों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर टीकाकरण, परिवार नियोजन सेवाओं तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी लोगों को विस्तार से बताया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा “स्वस्थ भारत” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ना है। कार्यक्रम का संचालन संबंधित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से किया गया।